
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के कालीराखा मोहल्ले में चार जुलाई को गैस सिलंडर के लीक होने से आग लग गई थी। इस घटना में दो बच्चे सहित उसके मां और पिता भी गंभीर रूप से झुलस गए थे। सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 12 जुलाई को विक्की रजक की मौत हो गई थी। वहीं 15 जुलाई को उसकी पत्नी 26 वर्षीय नीलू देवी की मौत भी इलाज के दौरान सदर अस्पताल में हो गई।

सूचना मिलते ही बैद्यनाथधाम ओपी प्रभारी विनोद कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताते चलें कि चार जुलाई की अहले सुबह कालीराखा निवासी मृतक विक्की पत्नी और बच्चे के साथ सोया हुआ था। विक्की को अहले सुबह कहीं काम करने जाना था। इसलिए उसने पत्नी को चाय बनाने को कहा। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। घर के अंदर जैसे ही चाय बनाने के लिए पत्नी ने गैस जलाया। टंकी लीक रहने के कारण आग लग गई। अंदर सभी लोग आग की चपेट में आ गए। अंदर से चिल्लाने की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में सो रहे परिजन जागे और कमरे को धक्का देकर कुंडी को तोड़ा गया । उसके बाद सभी को आनन फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
इस घटना में विक्की, उसकी पत्नी नीलू देवी और बेटा आदित्य कुमार और बेटी दुर्गा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों बच्चे आज भी सदर अस्पताल में इलाजरत हैं। तीन दिन पहले पिता इस दुनिया से चल बसा था आज मां का भी साया उठ गया।


