
Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र में सोमवार को रामगंगा नदी में एक बड़ा हादसा हुआ। नदी पार फसल देखने गए एक ही परिवार के सात लोग नदी की तेज धारा में अचानक बह गए।

स्थानीय लोगों की मदद से चार लोगों को बचा लिया गया, दो बच्चों की लाश मिली है। दिवारी लाल और बलराम फेरे के परिवार रामगंगा नदी के पार अपने खेत में तरबूज और खरबूज की खेती करते हैं। हर दिन की तरह वह सोमवार को भी नाव के जरिए नदी पार कर खेत से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कुंडा नदी की तेज धारा में नाव असंतुलित हो गई और उसमें सवार सभी लोग नदी में गिर गए।

हादसे के बाद दिवारी लाल, सुमन, निर्मल और काजल को वहां मौजूद लोगों ने बाहर निकाल लिया। लेकिन, बलराम फेरे का 14 वर्षीय बेटा शिवम, आठ वर्षीय बेटी सुनैना और उसकी 13 वर्षीय भांजी सोनिका का कोई पता नहीं चला। ये तीनों नदी में डूब गए।
हादसे की जानकारी होते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू की। लेकिन रात होने की वजह से बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने 2 बच्चों के शव को बरामद कर लिया है, जबकि एक की तलाश में जुटे हुए हैं।
(IANS)


