Baghpat: जिले के एक गांव में अंत्येष्ठी स्थल की छत गिर गयी। जिसके नीचे दबकर 5 से अधिक लोग दबकर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी ने प्रकरण में जांच के निर्देश दिए हैं।
बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के हिलवाड़ी गांव में 90 वर्षीय बुजुर्ग रणधीर सिंह की मृत्यु हो गई थी। उनके दिवंगत शरीर के अंतिम संस्कार के लिए मंगलवार को गांव के अंत्येष्टि स्थल पर चिता की सामग्री एकत्र की गई। गांव वाले जब विधि विधान के साथ अंतिम संस्कार करने लगे तो अंत्येष्ठी स्थल की छत टूटकर नीचे गिर गयी। छत टूटने से उसके नीचे खड़े कुछ लोग मलबे में दब कर घायल हो गए। घायलों को तुरंत सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद उनको घर भेज दिया गया। बुधवार को गांव के लोगों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं ग्राम प्रधान का कहना है कि यह श्मशान घाट 2003 में ग्राम के चंदे से बनाया गया था। इसके साथ ही ग्रामनिधि से भी अंत्येष्ठी स्थल बनाया गया है। कुछ ग्रामीण पुराने अंत्येष्ठी स्थल पर अंतिम संस्कार कर देते हैं। अंत्येष्ठी स्थल की छत जरूर गिरी है लेकिन कोई घायल नहीं हुआ है, जिस समय छत का हिस्सा गिरा वहां कोई नहीं था।