
Firozabad: थाना जसराना पुलिस ने शनिवार को एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक बुजुर्ग सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

पुलिस के अनुसार जसराना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी सोनू लगभग 10 दिन पहले एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा कर ले गया था। सोनू ने उसे पत्नी की तरह अपने साथ रखा। लड़की के परिजनों की तहरीर पर इस मामले की रिपोर्ट भी कोतवाली जसराना में दर्ज हुयी। पुलिस ने दो दिन पहले लड़की को बरामद भी कर लिया। पुलिस ने जब पीड़िता को कोर्ट में पेश कर उसके बयान दर्ज कराए तो पीड़िता ने बताया कि उसके साथ सोनू ने दुष्कर्म किया था। पीड़िता ने सोनू के ताऊ रक्षपाल का भी नाम कोर्ट में बताया था। पीड़िता के मुताबिक, सोनू के सगे ताऊ ने पीड़िता को घर से भगाने के लिए ताना बाना बुना था।

थाना प्रभारी जसराना सचिन कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान के बाद एफआईआर में रक्षपाल का नाम भी बढ़ाया गया। उन्होंने बताया कि महिला अपराधों से जुड़े मामलों में अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाये जा रहे अभियान के क्रम में दोनों अभियुक्तों को मुखबिर की सूचना पर शनिवार को अबध चौक से गिरफ्तार कर लिया है।दोनों आरोपियों को सुसंगत धाराओं में कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
(Input: HS)



