
Sultanpur (Uttar Pradesh): उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में गुरुवार सुबह दो मालगाड़ियों की आमने-सामने की टक्कर में आठ डिब्बे बेपटरी होकर अप और डाउन ट्रैक पर फैल गए। इससे लखनऊ और वाराणसी रेल ट्रैक बाधित हो गया। कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। हादसे में चार लोको पायलट घायल हुए हैं। इसमें एक के सिर में पांच टांके लगे हैं। सभी को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से दो को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।

स्टेशन मास्टर एसएस मीना ने बताया कि प्रथम दृष्टया वाराणसी की तरफ से आ रही मालगाड़ी के लोको पायलट की लापरवाही के कारण दुर्घटना हुई। उसे होम सिग्नल पर रोकने का संकेत दिया गया था। फिलहाल, जांच के बाद ही दुर्घटना के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।


गुरुवार सुबह लोको पायलट अनिल कुमार सुलतानपुर से मालगाड़ी लेकर मुगलसराय की ओर जा रहे थे, तभी वाराणसी की ओर से लोको पायलट आरके गुप्ता मुगल सराय की ओर से मालगाड़ी लेकर उसी ट्रैक पर आ गया। नतीजा ये हुआ कि रेलवे स्टेशन से 25 कदम की दूरी पर स्थित गभड़िया ओवर ब्रिज के नीचे दोनों मालगाड़ियों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि इसके आठ डिब्बे बेपटरी होकर अप और डाउन ट्रैक पर फैल गए। इससे लखनऊ और वाराणसी रेल ट्रैक बाधित हो गया है। कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।
इंजीनियरिंग, परिचालन, सिग्नल समेत अन्य विभाग के अफसर मौके पर रेल यातायात सामान्य बनाने में युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं। प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल का जायजा लेने और राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे।
जिलाधिकारी रवीश गुप्ता के निर्देश पर एसडीएम सीपी पाठक मौके पर पहुंचे। मंडल रेल प्रबंधक ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। (Input-Hs)



