Baliya: झारखंड से भाजपा सांसद निशिकांत दूबे (BJP MP from Jharkhand Nishikant Dubey) ने बलिया में कहा कि सपा ने भगवा का अपमान किया है। वे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिम्पल यादव द्वारा सिराथू में कथित रूप से भगवा कपड़े को जंग बताने वाले बयान में अपनी प्रतिक्रिया दी है।
निशिकांत दूबे ने रविवार रात राज्यसभा सांसद नीरज शेखर के आवास पर पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पूर्व सांसद डिम्पल यादव प्रयागराज के सिराथू में कहती हैं कि भगवा कपड़ा जंग है। इससे बड़ा भारतीय सभ्यता और संस्कृति पर कोई हमला नहीं हो सकता। वोटबैंक की राजनीति क्या यही हो सकती है ? क्या मुख्यमंत्री जिस भगवा कपड़े को पहनते हैं वह जंग है ?
निशिकांत दूबे बोले, भगवा रंग का तो शिवाजी का भी झंडा रहा है। साधु-संतों का भी यही रंग है। जितने मंदिर हैं सब जगह तो भगवा झंडा ही लगता है। यह हमारी संस्कृति का प्रतीक है। विपक्ष के विरोध का यह स्तर वोट बैंक की राजनीति के कारण है। विपक्ष का यह रवैया शोभनीय नहीं है। एक सवाल के जवाब में कहा कि मुस्लिम भाजपा से एलर्जी रख रहे। मुसलमान राजनीति के शिकार हैं। जबकि भाजपा सबका साथ सबका विश्वास के मंत्र से चल रही है।
निशिकांत दूबे ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद पिछले सात सालों में विपक्ष के नेता भी पूजा करने लगे हैं। आखिर मोदी से पहले कितने प्रधानमंत्री हैं जो खुलेआम पूजा करते थे। देश में पीएम मोदी के आने के बाद अब सभी को मंदिर जाना पसंद आ रहा है। यह सुकून देता है। उन्होंने कहा कि धर्म अर्थव्यवस्था का बड़ा साधन है।
भाजपा नेता ने कहा कि चार फरवरी से यूपी में घूम रहा। यहां भाजपा की आंधी चल रही है। यहां मुद्दा योगी जी का कानून व्यवस्था है। जिस तरह से महिलाएं निकलकर बाहर आ रही हैं। यहां निश्चित रूप से भाजपा सरकार बना रही है। विधानसभा चुनाव में कम मत प्रतिशत पर कहा कि चुनाव में विरोधी के वोट नहीं पड़ रहे। भाजपा का पोल तो हो ही रहा है। बलिया में भी लोगों में जबरदस्त उत्साह है। यह विश्वास देख लग रहा है कि भाजपा तीन सौ से अधिक सीटें जरूर जीतेगी।
निशिकांत दूबे ने राज्यसभा सांसद नीरज शेखर की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि नीरज शेखर अपने गृह जिले बलिया के लिए चिंतित रहते हैं। भृगु बाबा के मंदिर का सुंदरीकरण के लिए हम मिल कर आवाज उठाएंगे। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नीरज शेखर भी थे।