
नोएडा: नोएडा ऑथिरिटी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। ऑथिरिटी द्वारा नोएडा स्टेडियम में बने रनिंग ट्रैक पर फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह की जगह अभिनेता फरहान अख्तर की फोटो लगा दी गई। जिसके बाद अथॉरिटी की खूब फजीहत हो गयी। हालाँकि, फोटो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और तुरंत ही फरहान अख्तर की तस्वीर को उतार लिया गया।

सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम के रेसिंग ट्रैक पर अभिनेता फरहान अख्तर के फोटो के साथ लगे बोर्ड पर रविवार को शहरवासियों ने इंटरनेट मीडिया पर कई शिकायतें की।

बता दें कि देश के फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह का निधन दो दिन पहले ही हुआ है। मिल्खा वह शख्सियत हैं जिन्हें दुनिया भर में पहचाना जाता है। लेकिन नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी शायद मिल्खा सिंह को नहीं पहचानते। यही वजह है कि नोएडा स्टेडियम में बने रेसिंग ट्रैक पर मिल्खा सिंह की तस्वीर की जगह उनके जीवन पर आधारित बनी फिल्म ‘भाग मिल्खा भाग’ में अभिनय करने वाले अभिनेता फरहान अख्तर की तस्वीर अधिकारीयों ने लगा दी।
सोशल मीडिया पर वायरल हो गई तस्वीर

रनिंग ट्रैक पर लगी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसके बाद लोगों ने अथॉरिटी की खूब फजीहत की। तस्वीर वायरल होते ही अथॉरिटी के अधिकारी नींद से जागे। मामले को बढ़ता देख अधिकारी सक्रिय हुए। खुद नोएडा अथॉरिटी कि सीईओ रितु महेश्वरी ने मामले का संज्ञान लिया और तस्वीर को हटाकर नई तस्वीर पेंट करने का आदेश दे दिया है। आनन-फानन में रेसिंग ट्रैक पर लगे फरहान अख्तर की तस्वीर को हटा दिया गया है।
2013 में रिलीज हुई थी ‘भाग मिल्खा भाग’
गौरतलब है कि खिलाड़ी मिल्खा सिंह के जीवन पर आधारित फिल्म ‘भाग मिल्खा भाग’ वर्ष 2013 में रिलीज हुई थी। इसमें मिल्खा सिंह की भूमिका अभिनेता फरहान अख्तर ने निभाई थी। निश्चित ही बोर्ड पर लगी फोटो उसी फिल्म के पोस्टर से ली गई है। इसके बाद लोगों ने इस पर सवाल खड़े करना शुरू कर दिया है। हाल ही में ओलंपियन मिल्खा सिंह की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई है। इसके बाद से लोग उनको लेकर भावुक हो गए हैं। इंटरनेट मीडिया पर फ्लाइंग सिख के नाम से कई अभियान भी चलाए जा रहे हैं।



