
आगरा: आगरा में बोरवेल में गिरे चार साल के शिवा को आर्मी के जवानों ने सुरक्षित निकाल लिया है। इसके लिए जवानों ने करीब 4 घंटे रेस्क्यू चलाया। बच्चा सुबह 6 बजे बोरवेल में गिरा था और 10 घंटे से ज्यादा वक्त बोरवेल के अंदर रहा। बच्चे को निकालने के लिए बोरवेल के बगल में खुदाई की गई, फिर उसे जाल के सहारे निकाला गया।


बोरवेल में गिरे बच्चे को सेना और एनडीआरएफ की टीम के संयुक्त प्रयास से करीब 10 घंटे बाद सुरक्षित निकाल लिया गया। SSP आगरा ने बताया, “बच्चा पूरी तरह से सुरक्षित है. हमने जांच के लिए बच्चे को प्राइमरी हेल्थ केयर सेंटर भेज दिया है.”

बता दें फतेहाबाद के थाना निबोहरा ग्राम धरियाई में सोमवार सुबह घर के सामने खेल रहा चार साल का बच्चा शिवा 100 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। आगरा पुलिस-प्रशासन ने सेना और एनडीआरएफ को मदद के लिए बुलाया। सेना ने मोर्चा संभाला और शाम को बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया।
बच्चे की सलामती के लिए ग्रामीण सुबह से दुआ कर रहे थे। महिलाएं गांव में पूजा कर रही थीं। शिवा के बोरवेल के गड्ढे से बाहर निकलते ही गांव में खुशी का माहौल छा गया। लोगों ने सेना के जवानों की जयकार की और उनकी बहादुरी को सलाम किया। गांव में स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस और चिकित्सकों को तैनात किया गया था। चार साल के मासूम शिवा को बोरवेल से निकालकर सबसे पहले उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। फिलहाल बच्चा चिकित्सकों की देखरेख में हैं।



