
तमिलनाडु : बेरहम बेटे में क्रूरता की सारी हदें पार कर दी. तमिलनाडु के सलेम जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां एक 95 वर्षीय महिला को उनके बेटे ने कथित तौर पर करीब 15 दिनों तक शौचालय में बंद रखा और खाना खाने के लिए एक वक्त का भोजन तक नहीं दिया.

मामला तब उजागर हुआ जब बुजुर्ग महिला के रोने की आवाज पड़ोसियों ने सुनीं. पड़ोसियों द्वारा ही जिला प्रशासन को सूचना दी गयी, जिसके बाद महिला को रविवार को बचाया गया.

बुजुर्ग महिला को उनके बेटे द्वारा जबरन शौचालय में बंद किए जाने की शिकायत मिलने पर पुलिस और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों की टीम ओमालुर स्थित डालमिया बोर्ड इलाके के फ्लैट में पहुंची. टीम ने महिला को शौचालय में लेटे हुए पाया, जो कि बेहद गंदी स्थिति में था. घर से बचाने के बाद उन्हें एक एनजीओ में लाया गया, जहां उन्हें खाना दिया गया. बुजुर्ग महिला का उपचार जारी है.
पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला की पहचान राधा के रूप में हुई जोकि कथित तौर पर केवल शौचालय का पानी पीकर जीवित रहीं. राधा के चार बेटे हैं. राधा पति की मौत के बाद मिलने वाली पेंशन से जीवनयापन करती थीं, जिसे उनके सबसे छोटे बेटे ने हथिया लिया था. पुलिस ने बताया कि इतने अमानवीय व्यवहार के बाद भी महिला अपने बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने को तैयार नहीं हुईं.


