

पटना।

नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पहली बार गठबंधन पर बयान दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को साफ कहा कि मंत्रिमंडल के विस्तार में उन्हें कोई फैसला नहीं लेना है। इसके लिए भाजपा को निर्णय लेना है। उनकी तरफ से कोई देरी नहीं की जा रही है। यह देरी भाजपा की वजह से हो रही है। ये बातें मुख्यमंत्री (Chief Minister) ने पटना एयरपोर्ट (Patna Airport) के निरीक्षण के दौरान कहीं।

अब, नीतीश कुमार के इस बयान से साफ दिख रहा है कि भाजपा और जदयू में को-ऑर्डिनेशन की कमी है। ये बातें तब नहीं होती थीं जब सुशील मोदी उप मुख्यमंत्री हुआ करते थे।
इधर, पटना के लोकनायक जयप्रकाश नारायण एयरपोर्ट (Jay Prakash Narayan Airport) पर कई प्रकार की सुविधाएं आने वाले दिनों में बढ़ाये जाने को लेकर कई स्तर पर काम जारी है। इन्हीं कामों को देखने के लिए मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद एयरपोर्ट पहुंचे थे। CM यहाँ स्टेट हैंगर गए, वहीं से घूम-घूमकर निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
पटना एयरपोर्ट पर बढ़ेगी फ्लाइटों की संख्या
दरअसल, पटना एयरपोर्ट पर पैसेंजर्स की भीड़ पिछले कुछ सालों मे बढ़ी है। लेकिन यहां से उड़ान भरने वाले फ्लाइटों की संख्या कम है। आने वाले दिनों में इस एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली फ्लाइटों की संख्या काफी अधिक बढ़ेगी। इस कारण एयरपोर्ट का विस्तार भी होना है। इसी के लिए केंद्र सरकार ने बिहार सरकार से अतिरिक्त जमीन की मांग की है। इस संबंध में केंद्र सरकार की तरफ से भेजा गया एक लेटर सोमवार को ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मिला था। इसी के बाद CM मंगलवार को एयरपोर्ट का जायजा लेने पहुंचे। अतिरिक्त जमीन को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को कई निर्देश दिए गए।



