सुपौल (बिहार)।
बिहार के सुपौल से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक घर में बहू को सुसराल वालों ने महज इस बात के लिए मार दिया, क्योंकि वह मछली नहीं बना पाई। इतना ही नहीं हत्या करने के बाद ससुरालवालों ने बहु के शव को बोरे में बंद किया और गांव के पास ही उसे नहर के पास फेंक दिया।
मामले की जानकारी तब हुई जब पुलिस ने लोगों की सूचना पर महिला की लाश को बरामद कर लिया। महिला की शिनाख्त के बाद पुलिस ने आरोपी पति सहित अन्य ससुराल वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
दरअसल, रतनपुरा थाना क्षेत्र के कोसी पूर्वी तटबंध ढांढा गांव के पास कोसी नदी से दो दिन पहले बोरे में बंद एक महिला का शव मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू किये। महिला की पहचान हुई, तो महिला की मौत की गुत्थी भी सुलझ गई।
महिला की शिनाख्त सुनीता देवी, निवासी मटियारी के रूप में की गई। सुनीता के परिजनों ने कुछ दिन पूर्व ही उसकी गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई थी।
महिला के पिता विशुनदेव पासवान ने पुलिस को बताया कि मार्च 2020 में बेटी की शादी सातनपट्टी पंचायत के ढांढा गांव निवासी अमलेश पासवान के पुत्र शेवेश पासवान के साथ की थी। दिवाली के बाद जब मायके वाले बेटी से मिलने पहुंचे, तो वह ससुराल में नहीं मिलीम सुसराल के लोगों से जब इस बारे में जानकारी की, तो वे लोग मायके वालों को गोलमोल बातों में घुमाने लगे। इसके बाद मायके वालों ने थाना रतनपुर में सुनीता देवी के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए उसके साथ अनहोनी की आशंका व्यक्त की। वहीं रविवार को पूर्वी कोसी तटबंध के ढांढा के समीप कोसी नदी में बोरे में बंद एक महिला का शव बरामद हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने इस बारे में विशुनदेव को सूचना दी। मायके वालों ने मृतका की शिनाख्त बेटी के रूप में कर ली।
मामले में पुलिस ने बीती रात आरोपी पति शिवेश कुमार और ससुर अमरेश पासवान को कार्रवाई कर रतनपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी पति से जब पूछताछ की गई, तो उसने पत्नी की हत्या कर लाश को नदी में फेंकने की बात को स्वीकार किया है। वहीं हत्या का कारण जब पूछा गया, तो उसने बताया कि पत्नी मछली नहीं बना पाई थी, बस इसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान सुनीता पति से बहस करने लगी, जिसके चलते पति को गुस्सा आ गया और उसने पत्नी की हत्या कर दी। इस वारदात में शिवेश की मां और पिता ने भी सहयोग किया।
रतनपुरा थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत ने बताया कि तीनों से पूछताछ के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।