
झारखण्ड


लोहरदगा।

सदर थाना क्षेत्र स्थित हरमू ईंट भट्ठा के पास रविवार सुबह करीब 10 बजे बदमाशों ने एक जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी।
बताया जा रहा कि जमीन कारोबारी वीरेंद्र उरांव किसी काम से जैसे ही अपने घर से बाहर निकला, पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाश आए और वीरेंद्र को दो गोली मार दी। गोली वीरेंद्र के गले और सीने में लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। गोली की आवाज सुन वीरेंद्र के परिजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने वीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। आशंका जाहिर की जा रही है कि जमीन विवाद में इस घटना को अंजाम दिया गया है। इधर, मृतक की पत्नी ने कुछ लोगों पर शक जाहिर कर पुलिस को इसकी जानकारी दी है।



