
झारखंड
गुमला।

गुमला के घाघरा थाना क्षेत्र में कुगांव सासो जगरा टोली में एक घर के कमरे से शनिवार की सुबह महिला की अर्धनग्न लाश बरामद की गई है।

महिला की हत्या कुल्हाड़ी से काटकर की गई है। घटनास्थल से पुलिस ने कुल्हाड़ी बरामद कर लिया है। हालांकि, घटना की वजह अब तक स्पष्ट नहीं है। वहीं, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा मामले की जांच में जुट गई है।
मृतका के तीन बच्चे हैं। बड़े बेटा-बेटी लोहरदगा थानाक्षेत्र के किस्को में अपनी बड़ी मां के साथ रहते हैं। जबकि चार साल का छोटा बेटा अपनी मां के साथ रहता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला शुक्रवार को अपने खेत में धान की फसल की कटाई में जुटी थी। इसके लिए उसने दो मजदूरों को काम पर रखा था। शाम को घर वापस आने पर महिला ने खाना बनाया और मजदूरों के साथ खाया। इसके बाद दोनों मजदूर अपने घर चले गए और महिला अपने बेटे के साथ कमरे में सो गई। शनिवार की अहले सुबह मृतका का बेटा घर के बाहर एक पेड़ के नीचे रोता दिखा। जब लोगों ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि एक नशेड़ी घर पर आया और उसे बाहर निकाल दिया। इसके बाद जब ग्रामीण उसके घर पहुंचे तो देखा कि महिला का शव पड़ा हुआ था। साथ ही कमरे की एक दीवार में सुरंग बना भी नजर आया।
एक साल पहले इसी घर में महिला के पति ने फांसी लगाकर कर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या की वजह भी अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। इधर, पुलिस दोनों ही मजदूरों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।


