झारखंड
गिरिडीह।
लोकाई नयनपुर थाना क्षेत्र के नयनपुर तालाब में मंगलवार सुबह नहाने के दौरान डूबने से एक युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान तिसरी प्रखंड अन्तर्गत लोकाई नयनपुर निवासी रवि यादव के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि रवि यादव दो अन्य लोगों के साथ सुबह तालाब में नहाने गया था। रवि ने पानी में छलांग लगा दी। लेकिन फिर वापस पानी के ऊपर नहीं आया। इसके बाद रवि के साथ नहाने गए लोगों ने शोर मचाया। आसपास लोग जुटे और तालाब में उसकी खोज की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। फिर जेसीबी मंगवाया गया और मेढ़ को काटकर पानी बहाया गया जिसके बाद शव बरामद किया जा सका।
घटना की सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही यूडी केस दर्ज किया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस तालाब में रवि की डूबने से मौत हुई है, वो तालाब उसके परदादा का है। हाल ही में तालाब का गहरीकरण किया गया था।