
Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के बलियाचौकी के पास रविवार को रंगदारी की मांग को लेकर दिनदहाड़े गोलीबारी कर एक व्यक्ति को घायल करने के मामले में पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है।

पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में नौ संदिग्धों को दबोचा है। सभी से पूछताछ करने में पुलिस जुटी है। मामले के मुख्य आरोपित ऋषि यादव भी पुलिस के हत्थे चढ़ा है।

बताया जाता है कि देर रात को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी ये कई लोग तपोवन पहाड़ पर छुपे हुए हैं। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया। उपरांत काफी मशक्कत के बाद पुलिस की टीम ने पहाड़ पर चढ़ाई की। बदमाशों के पास हथियार होने की भी सूचना थी। ऐसे में पुलिस को अधिक सावधानी बरतनी पड़ी। पुलिस को देखकर रात को खुले में नींद से सोए अपराधी घबरा गए। वे लोग इधर-उधर भागने लगे। पुलिस भागने के चक्कर में कई बदमाश गिरकर घायल हो गए। इस क्रम में पुलिस ने नौ बदमाशों को पकड़ा है। वहीं कुछ रात के अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकलने में कामयाब रहे।
सूत्रों के मुताबिक इन बदमाशों के पास से पुलिस ने हथियार भी बरामद किया है। पांच घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर रही है। हालांकि फिलहाल इस बारे में पुलिस कुछ भी बताने से इंकार कर रही है।
बताते चलें कि बलियाचौकी के पास एक दवा दुकानदार ने जमीन खरीदा था। उसकी घेराबंदी कर रहा था। इस दौरान 11 बजे दिन में बाइक सवार पांच बदमाशों ने आकर 50 हजार की रंगदारी की मांग की थी। उस समय उन लोगों को खदेड़ दिया। लेकिन बाद में 15-20 की संख्या में दोपहर एक बजे दूबारा बदमाशों वहां पहुंचे और जमकर हंगामा किया। दवा दुकान में घुसकर तोड़फोड़ भी किया और 30 हजार रुपया लूट लिया था। वहीं ताबड़तोड़ फायरिंग भी की गई थी। मारपीट व गोली चलाए जाने से दुकानदार प्रमोद कुमार घायल हो गया था। घटना को लेकर तीन नामजद सहित अज्ञात के खिलाफ कुंडा थाना में मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस मुख्य आरोपित ऋषि यादव व अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। ऐसे में एकसाथ इतने बदमाशों का पकड़ा जाना पुलिस के लिए अहम सफलता है।


