पटना।

बिहार में अक्तूबर-नवंबर के महीने में विधानसभा चुनाव होने वाला है। ऐसे में भाजपा और जदयू गठबंधन को हराने के लिए बना महागठबंधन एकजुट नहीं दिख रहा है।

दरअसल, राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व में बने महागठबंधन में सीटों के बंटवारे का मुद्दा गरम नज़र आ रहा है। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी राजद से नाराज दिख रही है। आरएलएसपी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने गुरुवार को राष्ट्रीय और प्रदेश कार्यकारिणी की आपातकालीन संयुक्त बैठक बुलाई है।

पटना में होने वाली इस बैठक में उपेंद्र कुशवाहा पार्टी पदाधिकारियों को महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर अब तक हुई बातचीत की जानकारी देंगे। इसके बाद पार्टी की जो राय सामने आएगी उसपर अमल करने की घोषणा की जाएगी।
बैठक के बाद कड़े फैसले लिए जाने की संभावना पर आरएलएसपी अध्यक्ष ने कहा कि वह इस बात का न तो खंडन करते हैं और न ही इसे स्वीकार करते हैं।
आरएलएसपी मांग रही है 35 सीटें
विधानसभा चुनाव में रालोसपा लगभग 35 सीटों की मांग कर रहा है। इसे लेकर कुशवाहा ने तेजस्वी यादव से दो बार मुलाकात की थी। पार्टी के सूत्रों का कहना है कि महागठबंधन का सबसे बड़ा दल राजद रालोसपा को 10-12 से ज्यादा सीटें देने को तैयार नहीं है। रालोसपा नेताओं का मानना है कि यदि सीटों से ही समझौता करना है तो एनडीए बेहतर विकल्प हो सकता है।


