धनबाद (झारखंड)

झारखंड राज्य के धनबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कोरोना वायरस के संक्रमण ने एक परिवार में तबाही मचा दी है। कोविड-19 से अब तक इस परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो चुकी है। जबकि 7वें सदस्य की हालत नाजुक बनी हुई है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बीते 15 दिनों के भीतर कोरोना वायरस से संक्रमित इस परिवार के छह सदस्यों की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि कोरोना पीड़ित मां की अर्थी को कंधा देने वाले उसके बेटों में भी संक्रमण फैल गया। मां की मौत के बाद एक-एक कर अब तक 5 बेटों की मौत हो चुकी है। छठे बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है।
4 जुलाई को हुई थी मां की मौत

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ये हैरान करने वाला मामला धनबाद के कतरास इलाके से जुड़ा है। यहां रानी बाजार में रहने वाले एक परिवार के छठे सदस्य की मौत बीते सोमवार को कोरोना संक्रमण से हो गई। बताया जा रहा है कि बीते चार जुलाई को सबसे पहले 88 वर्षीय मां का निधन बोकारो के एक नर्सिंग होम में हुआ। मौत के बाद जांच से पता चला कि वह कोरोना पॉजिटिव थी। उसके बाद उनके एक बेटे की मौत रांची के रिम्स कोविड अस्पताल में हो गई। कुछ दिन बाद दूसरे बेटे का केंद्रीय अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। इसके बाद एक एक कर परिवार के 6 सदस्यों की मौत कोरोना संक्रमण के कारण हो गई। बताया जा रहा है कि बीते जून महीने में महिला दिल्ली से शादी समारोह में हिस्सा लेने के लिए कतरास स्थित अपने घर आई थी। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी। इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
15 दिनों में मचा कोहराम
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले महीने शादी की शहनाई की गूंज से घर में खुशनुमा माहौल था। हंसता-खिलखिलाता परिवार धूम-धड़ाके मस्ती की खुशियों में मग्न था, लेकिन एक पखवाड़े के अंदर ही इस परिवार में मौत ने ऐसा कोहराम मचाया कि देखते ही देखते सब-कुछ उजड़ गया। वैश्विक महामारी कोरोना से परिवार के छह सदस्यों की अकाल मृत्यु हो चुकी है।
देश में पहला ऐसा मामला!
कहा जा रहा है कि भारत में ये इस तरह का संभवत: पहला मामला है, जिसमें से करोना वायरस के संक्रमण से एक ही परिवार के 6 लोगों की जान चली गई हो और परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत भी खराब हो।


