देवीपुर/देवघर।
देवघर जिले के देवीपुर प्रखंड मुख्यालय के सभागार में सूबे के कैबिनेट मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के बेटे व जेएमएम नेता हफिजुल अंसारी द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया. बकौल मंत्री पुत्र प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, विभिन्न पेंशन योजना की समीक्षा कर गरीबों की समस्याओं को दूर करने के लिए जनता दरबार लगाया गया.
अब सवाल ये है कि आखिर जनता दरबार मंत्री पुत्र ने किस अधिकार से लगाया ?

उक्त वीडियो में देखिये… प्रखंड सभागार में एक बैठक चल रही है. बैठक में कई लोग शामिल दिख रहे हैं. जिसमें देवीपुर बीडीओ और मंत्री पुत्र को बैठक को चेयर करते हुए देखा जा सकता है. बैठक के बाद मंत्री पुत्र जानकारी दे रहे हैं कि गरीबों की समस्याओं को दूर करने के लिए उन्होंने जनता दरबार लगाया था. यहीं पर सवाल उठता है कि मंत्री पुत्र हफिजुल अंसारी न तो झारखंड के मंत्री सह मधुपुर विधायक हाजी हुसैन अंसारी के विधायक प्रतिनिधि हैं और न ही कोई अधिकारी. हां, वो जेएमएम नेता जरूर हैं. लेकिन, नेता को प्रखंड कार्यालय सभागार में सरकारी योजनाओं की समीक्षा व जनता दरबार लगाने का अधिकार किसने दिया.
बीडीओ ने किया इंकार

देवीपुर प्रखंड कार्यालय में मंत्री पुत्र द्वारा लगाये गये जनता दरबार के सवाल पर देवीपुर बीडीओ का स्पष्ट कहना है कि किसी भी तरीके का जनता दरबार नहीं लगाया गया है. एक बैठक के लिए हाॅल उपलब्ध कराने का निवेदन उनसे किया गया था. जिसे उन्होंने उपलब्ध कराया. और एक सामान्य बातचीत के तौर पर वो भी उसमें शामिल हुए थे.



