विधानसभा चुनाव 2019 में जैसे ही आजसू भाजपा से अलग हुई, चुनाव ने दिलचस्प मोड़ ले लिया। जो भाजपा नेता बागी हुए हैं वे आजसू में शरण ले रहे हैं। क्योंकि भाजपा ने कई का पत्ता काट दिया है।
जामताड़ा से विधायक रह चुके विष्णु भैया भी टिकट की आकांक्षा लेकर भाजपा में शामिल हुए थे। लेकिन भाजपा ने उन्हें दरकिनार कर वीरेंद्र मंडल को टिकट दे दिया। अब चुनाव नजदीक है और विष्णु भैया को चुनाव लड़ना है। ऐसे में उन्होंने आजसू का रास्ता अख्तियार कर लिया है। घोषणा भी हो गई कि श्री भैया आजसू से जामताड़ा में चुनाव लड़ेंगे। ये किसका खेल बिगाड़ेंगे उसका अधिकार जनता के पास है और फैसला चुनाव की मतगणना के दिन होगा।
सिर्फ जामताड़ा ही नही संताल परगना के लगभग सभी विधानसभा के बागियों पर आजसू नजर गड़ाए हुए है। सभी जगहों पर आजसू वेट एन्ड वाच कर रही है। उधर, जरमुंडी विधानसभा में किसे आजसू मौका देगी यह देखने वाली बात होगी। क्योंकि यहां से भाजपा के टिकट के लिए कई नेता व नेत्री नम्बर लगाए हुए थे। जिसमे सीताराम पाठक का नाम भी शामिल है, जो टिकट न मिलने से भाजपा की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया है. लेकिन, चुनाव लड़ने के मूड में हैं, ऐसे में आजसू यहां किसके नाम के पत्ते खोलती है, देखना दिलचस्प होगा।
वहीं, जामा विधानसभा में भी स्टेफी टेरेसा मुर्मू ने भी भाजपा से टिकट लेने की जुगत में थीं। लेकिन वहां से सुरेश मुर्मू को फिर भाजपा ने मौका दिया है। अब स्टेफी किससे टिकट लेंगी ये अबतक पता नही चल पाया है। यहां भी कयास लगाए जा रहे हैं कि स्टेफी भी आजसू में शामिल न हो जाएं। हालाँकि, वक़्त का इंतज़ार है. लेकिन उलट-फेर देख ये तो कहा जा सकता है कि इस बार का चुनाव दिलचस्प होने जा रहा है.