देवघर/धनबाद/बोकारो/हजारीबागः

एसीबी की टीम ने राज्य के कई जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की. देवघर, धनबाद, बोकारो और हजारीबाग जिले में निगरानी टीम ने मिली शिकायत के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए दो बीडीओ, दो कर्मचारी और एक चालक को धर दबोचा है.


1. धनबाद जिले के बाघमारा प्रखंड के बीडीओ को एसीबी धनबाद की टीम ने 50,000 रूपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.
बाघमारा बीडीओ को ले जाती ACB की टीम
बाघमारा बीडीओ गिरजा नन्द किस्कु के खिलाफ धनबाद जिला के दलुडीह गांव के रहने वाले राजेश्वर प्रसाद मुंशी ने लिखित शिकायत की थी. दलुडीह ग्राम पंचायत में 14वें वित्त आयोग की राशि से चापाकल निर्माण कार्य के लिए राशि भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग की गयी थी. जिसके बाद एसीबी धनबाद की टीम ने कार्रवाई करते हुए रंगे हाथ बीडीओ को 50,000 रूपये घूस लेते गिरफ्तार किया. टीम आगे की कार्रवाई कर रही है.
2. धनबाद एसीबी की टीम ने बोकारो जिले के नवाडीह प्रखंड विकास पदाधिकारी के विरूद्ध मिली शिकायत पर भी कार्रवाई की. जिसमें नवाडीह बीडीओ अरूण उरांव और चालक कलीम अंसारी को 35,000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया.
नवाडीह बीडीओ अरूण उरांव
चतरा जिला के रहने वाले संतोष कुमार, जो कि बोकारो के नवाडीह प्रखंड में निम्नवर्गीय सहायक के पद पर कार्यरत हैं. संतोष कुमार ने लिखित शिकायत की थी कि छह फरवरी 2017 से 20 अप्रैल 2017 तक वह बीमारी का कारण बताते हुए अपने कर्तव्य से अनुपस्थित रहे. लेकिन इस अवधि का वेतन बीडीओ द्वारा कर दिया गया, जिसके एवज़ में 40,000 रिश्वत की मांग की गयी. रिश्वत मांगने की शिकायत मिलते ही धनबाद एसीबी टीम ने कार्रवाई शुरू की और 35,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ प्रखंड विकास पदाधिकारी,नवाडीह अरूण उरांव को धर-दबोचा.
3. देवघर जिले के देवीपुर में एसीबी दुमका की टीम ने छापेमारी की. जहां देवीपुर पीएचसी में कार्यरत प्रखंड लेखापाल राजीव कुमार सिंह को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया.
देवीपुर प्रखंड लेखापाल राजीव कुमार सिंह
एसीबी की टीम ने 2500 रूपया घूस लेते हुए प्रखंड लेखापाल राजीव कुमार सिंह को पकड़ा. एसीबी आगे की कार्रवाई कर रही है. देवीपुर के हुसैनाबाद की रहने वाली सहिया अनीता देवी की शिकायत पर एसीबी दुमका की टीम ने कार्रवाई कर राजीव कुमार सिंह को पकड़ा है. ग्राम स्वास्थ्य स्वच्क्षता एवं पोषण समिति के मद में आये राशि की मांग करने पर सहिया से 2500 रूपये बतौर घूस मांगा जा रहा था.
4. एंटी क्रप्शन ब्यूरो हजारीबाग की टीम ने जिले के बरही प्रखंड में छापेमारी की. टीम ने करसो पंचायत सेवक गोकुल मेहता को 4,000 रूपये घूस लेते गिरफ्तार किया है. एसीबी को शिकायत मिली थी कि गोकुल मेहता करसो पंचायत भवन को हैंड ओवर लेने के लिए रिश्वत की मांग कर रहा था. पंचायत सेवक की गिरफ्तारी के बाद टीम आगे की कारवाई में जुटी है.
राज्य के विभिन्न जिलों में एन्टी क्रप्शन ब्यूरो की लगातार छापेमारी और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ऐसे लोगों के बीच हड़कंप मचा है जो बिना रिश्वत के एक भी फाइल आगे नहीं बढ़ाते. हालांकि, कहीं न कहीं आम लोगों को जागरूक होने की जरूरत भी है. जो आगे आयें और भ्रस्ट्राचार के विरूद्ध तुरंत शिकायत करें.


