Dubai: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने BCCI के पूर्व सचिव और आईसीसी निदेशक (Former Secretary and ICC Director) अमिताभ चौधरी के निधन पर बुधवार को गहरा शोक जताया। चौधरी का मंगलवार सुबह रांची में दिल का दौरा पड़ने से 62 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी ज्योफ एलार्डिस ने कहा, “अमिताभ चौधरी के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। आईसीसी की ओर से मैं बीसीसीआई में अपने सहयोगियों के साथ-साथ उनके परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”

चौधरी बीसीसीआई के कार्यवाहक सचिव थे, जब सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त प्रशासकों की समिति ने 2017 की शुरूआत से अक्टूबर 2019 तक बोर्ड के कामकाज की देखरेख की। उन्होंने 2004 में क्रिकेट प्रशासन में प्रवेश किया और एक दशक से अधिक समय तक झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।



