देवघर: गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे तीन दिवसीय गोड्डा लोकसभा दौरे पर थे। लेकिन दिल्ली लौटते-लौटते उनके एक फेसबुक पोस्ट ने देवघर विधानसभा में राजनीतिक हलचल सी मचा दी। पोस्ट में लगी तस्वीर को देख कयासों का बाजार गर्म हो गया है।
दरअसल, तस्वीर में सांसद निशिकांत दुबे के साथ देवघर प्रखण्ड क्षेत्र स्थित पुनासी पंचायत की मुखिया बबीता देवी मौजूद थीं। हलचल यहीं से मची। मुखिया बबीता देवी उर्फ़ बबीता पासवान देवघर विधानसभा के पूर्व विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री राष्ट्रीय जनता दल के पुराने नेता सुरेश पासवान की पुत्रवधु हैं। अब एक सांसद का अपने क्षेत्र के मुखिया से मिलना स्वाभाविक है। लेकिन तस्वीर के साथ कैप्शन ने यहां हलचल मचा दी है कि कहीं राजद नेता के घर में सेंध तो नहीं लगने वाली है?
निशिकांत दुबे ने इस तस्वीर के साथ लिखा कि मुखिया बबीता देवी का देश के पीएम नरेंद्र मोदी पर अटूट विश्वास है और उनके नेतृत्व में देश के लिए कार्य करना चाहती हैं। अब राजद परिवार का भाजपा में अटूट विश्वास, चर्चा होना तो लाजिमी है। लोग कयास लगा रहे हैं कि कहीं राजद नेता सुरेश पासवान की पुत्रवधु बबिता देवी भाजपा में शामिल होने तो नहीं जा रहीं?
अब अगर शामिल हो भी गयीं तो किस पद के साथ नेतृत्व करना चाहेंगी, इस सवाल के साथ देवघर के वर्तमान विधायक भाजपा के नारायण दास के महकमे में भी चर्चा जोरों पर है।
हालाँकि, कयासों के बीच पुनासी मुखिया बबीता देवी के ससुर सुरेश पासवान का बयान आ गया है। पोस्ट का जवाब पोस्ट से ही देते हुए सुरेश पासवान ने इसे ओछी मानसिकता तक कह दिया और लम्बे-चौड़े जवाब देते हुए कहा है कि हम सब परिवार राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद के नीति और सिद्धांतों पर चलने वाले सच्चे सिपाही हैं। अब सुरेश पासवान के जवाब का जवाब देते हुए निशिकांत दुबे ने लिखा है कि मुलाकात बहु से हुई और जवाब ससुर जी दे रहे हैं। निशिकांत दुबे ने कहा कि मुखिया जी अपना पंचायत व अपना सम्मान बचाने में सक्षम हैं, आप अपना काम करिए ।
अब इन सारे फेसबूकिया बयानों के बीच जनता कयास पर कयास लगाए जा रही। अब आने वाले दिनों में ये देखना दिलचस्प होगा कि पुनासी की ये राजनीति किस दल का पलड़ा भारी करती है।