
Udaipur: उदयपुर में शुक्रवार सुबह सरकारी स्कूल में 10वीं के छात्र द्वारा अपनी ही कक्षा के छात्र को चाकू मारने की घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है।

छात्रों के अलग-अलग समुदायों के होने के कारण घायल छात्र के समाजजनों और हिन्दू संगठनों में आक्रोश व्याप्त हो गया।

आक्रोशित युवाओं ने उदयपुर के बाजारों को बंद करवा दिया। अपराह्न तक पेट्रोल पम्प भी बंद हो गए। माहौल बिगड़ता देख प्रशासन ने शाम छह बजे निषेधाज्ञा लागू कर दी।
जिला कलक्टर और जिला मजिस्ट्रेट अरविन्द पोसवाल ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निषेधाज्ञा की सख्ती से पालना के आदेश दिए हैं।
इधर, उदयपुर शहर में उपद्रवियों ने बाजार बंद कराने के साथ कुछ जगह गाड़ियों में आग भी लगा दी। व्यावसायिक परिसरों में भी चलने वाले कार्यालयों को बंद कराया गया है।
हाथीपोल क्षेत्र में पुलिस को उपद्रवियों को भगाने के लिए हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा है। (HS)


