
Jodhpur(Rajasthan): निकटवर्ती शेरगढ़ स्थित भूंगरा गांव में गत गुरुवार को शादी समारोह में हुए गैस काण्ड में आग से झुलसे दो और लोगों की बुधवार दोपहर तक मौत हो गई। एक बालिका की सुबह और युवक की दोपहर में मौत हुई है। अब तक 25 लोगों की जान जा चुकीं है। जबकि 29 लोग अस्पताल में भर्ती है। अब तक दो को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। आज सुबह 13 साल की डिंपल कंवर पुत्र उत्तमसिंह एवं सोलंकियां तला शेरगढ़ निवासी दुर्गसिंह पुत्र खींवसिंह की मौत हुई है।

मंगलवार को दूल्हे सुरेंद्र सिंह के पिता 57 साल के सगत सिंह पुत्र पूंजराज सिंह, पांच साल का आईदान सिंह पुत्र श्यामसिंह, 24 साल का दिलीप कुमार पुत्र थानाराम एवं 40 साल की सुगन कंवर पत्नी नरपत सिंह की मौत हो गई थी। इस कांड में झुलसे लोगों की मौतों का सिलसिला जारी है। गंभीर रूप से घायल आईसीयू में भर्ती लोगों की हालत भी नाजुक बनी है।

उल्लेखनीय है कि बीते गुरुवार को जिले के शेरगढ़ स्थित भूंगरा गांव में सगतसिंह की ढाणी में उनके पुत्र सुरेंद्र सिंह की शादी थी। बारात रवानगी से पहले ही दोपहर में गैस रिसाव के साथ भीषण आग लगी और दो गैस सिलेण्डर फट गए। जिससे घर परिवार रिश्तेदारी के 54 लोग आग में झुलस गए थे। जिन्हेें उपचार के लिए जोधपुर एमजीएच अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती करवाया गया था। इनमें कई की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। अब तक इसमें 25 लोग कालकल्वित हो चुके है।


