Alwar: भिवाड़ी पुलिस (Bhiwadi Police) ने गश्ती दल पर जानलेवा हमला करने के दोनों आरोपितों को सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपित उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपित हरियाणा के फरीदाबाद निवासी तारीफ और चोपनकी के खरखड़ी गांव निवासी हुसैनदीन को गिरफ्तार कर लिया। यह जानकारी एसपी शांतनु कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि आरोपित घटना के बाद यहां से भाग निकले, लेकिन भिवाड़ी पुलिस ने मुस्तैदी से कार्य करते हुए सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने घटनास्थल से डंपर को भी जब्त कर लिया है।
यह था मामला
भिवाड़ी पुलिस के चौपानकी थाना अंतर्गत जोड़िया गांव के भुड़ली के जंगल में रविवार देर रात चोपनकी थाना प्रभारी नंदलाल जांगिड़, एचसी मनोज, कांस्टेबल ड्राइवर सुमेर सिंह और रामसिंह पुलिस जीप से गश्त कर रहे थे। तभी जोडिया गांव में क्रेशर के पास कच्चे रास्ते से दो डंपर और एक जेसीबी आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर चालक ने डंपर रोकने को जगह पुलिस की जीप पर चढ़ा दिया। जबकि जेसीबी और दूसरा डंपर चालक वाहन लेकर भाग गए। डंपर को चढ़ता देख, थानाधिकारी एवं रामसिंह जीप से कूद गए लेकिन सुमेर और मनोज गाड़ी में से कूद नहीं पाए। जिस कारण वह घायल हो गए। गनीमत यह रही कि इतना बड़ा हादसा होने के बाद गंभीर चोट नहीं लगी। दोनों घायल पुलिसकर्मियों के अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने घटना के बाद हरियाणा के मेवात इलाका थानों में कच्चे पक्के रास्ते पर रातभर आरोपितों की तलाशी की। थाना क्षेत्र के मौजा खेड़ी, खरखड़ी, जोड़ियां व हरियाणा क्षेत्र के ग्राम बुक उकसेड़ी, भोगीपुर, कंगरका, बावला, नाहरपुर, सेबका आदि स्थानों पर दबिश देकर आरोपितों की पहचान कर दिल्ली से गिरफ्तार किया।