
Sambalpur: केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सावित्री ठाकुर ने शुक्रवार को ओडिशा के संबलपुर में मां समलेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि किसी भी शुभ काम को शुरू करने से पहले भगवान का आशीर्वाद लेना जरूरी है। इसलिए मैंने आज मां समलेश्वरी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

उन्होंने कहा कि मां के दर्शन करने से हमें ऊर्जा और शक्ति मिलती है। मैंने अपने लोगों की खुशहाली और हमारे देश की प्रगति के लिए प्रार्थना की। हम अच्छा काम कर रहे हैं और अच्छा करें उसमें मां का साथ और आशीर्वाद हम पर बना रहे। उन्होंने कहा कि अपनी यात्रा के दौरान, मैं महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी और एमसीए केंद्रों के कामकाज की भी समीक्षा करूंगी। कल मैंने ओडिशा में दो जिलों की समीक्षा की थी, आज मैं संबलपुर की समीक्षा करूंगी।

इसी को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हम समय-समय पर केंद्र सरकार की जो योजनाएं चल रही हैं, उनकी समीक्षा करते हैं और हम क्या बेहतर कर सकते हैं, इसके लिए हमेशा प्रयास करते हैं और अच्छे प्रयास करने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने आगे कहा, “लड़कियों के जन्म दर में गिरावट चिंता का विषय है। हम कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। लिंग संतुलन को नुकसान पहुंचाने वाली प्रथाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने, बच्चों की सुरक्षा करने और सभी के लिए उज्जवल भविष्य सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
(IANS)


