रांची।
देश के दूसरे राज्यों के साथ झारखंड में भी बर्ड फ्लू का खतरा मंडराने लगा है।
जमशेदपुर में कौवों की मौत की सूचना के बाद पशुपालन विभाग सतर्क हो गया है। इसकी सूचना मिलने के बाद कृषि पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख ने जमशेदपुर में हुए कौवों की मौत पर पशुपालन निदेशक को जांच के निर्देश दिए हैं।
पूर्वी सिंहभूम के जिला पशुपालन पदाधिकारी सुनील कुमार सिन्हा ने बताया कि छह कौवों की मृत्यु हुई है, जिसे रांची स्थित एलआरएस लैब में भेजा गया है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि बर्ड फ्लू से मौत हुई है या नहीं। वैसे एहतियात के तौर पर पूरे राज्य में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
इधर, निदेशक पशुपालन ने झारखंड के सभी जिलों में निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है। जिला पशुपालन पदाधिकारी रोज पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान कांके के निदेशक को रिपोर्ट भेजेंगे।