रांची।
झारखंड भाजपा के नवनियुक्त सह प्रभारी डॉ. सुभाष सरकार अपने दो दिवसीय दौरे पर बुधवार देर शाम रांची पहुंचे। गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों, सात मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक कर पार्टी की सांगठनिक और राज्य सरकार की विफलताओं पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. सरकार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने झारखंड की सुख समृद्धि के लिये झारखंड राज्य बनायाऔर इसके संरक्षण की भी जिम्मेवारी हमारी है। हम देश और जनता की सेवा के लिये कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी कार्य पद्धति केवल चुनाव जीतना और सरकार चलाना नही है बल्कि हमे भारतीय संस्कृति का संरक्षण और संवर्धन करना है।
बैठक के बाद प्रेस को संबोधित करते हुए डॉ. सरकार ने झारखंड सरकार पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। बिचौलिये हावी है। इनके माध्यम से लूट का पैसा सरकार में शामिल लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने विकास योजनाओं के लिये राज्य को पैसे की कमी नही होने दी है। लेकिन, यह सरकार पैसे का बहाना बनाते रहती है। राज्य सरकार को केंद्र से भेजी गई राशि का हिसाब देना चाहिये। उन्होंने कहा कि यह सरकार उपयोगिता प्रमाणपत्र भी नही दे पाती है।
डॉ. सरकार ने कहा कि कोरोना के बाद अनेक राज्य सरकारें विकास कार्यों को गति देने में जुट गई हैं। कोरोना के कारण दो तीन माह विकास बाधित हुए है,परंतु झारखंड सरकार अपनी नाकामियों के लिये बहाने ढूंढती है। उन्होंने कहा कि राज्य में खनिज संपदा की लूट मची है। सरकार ने धान की खरीद पर रोक लगाकर किसानों को धोखा दिया है। पंचायत से लेकर राजधानी तक सर्वत्र नकारात्मक वातावरण है। सड़क,बिजली पानी,चिकित्सा जैसी मूलभूत आवश्यकताओं की स्थिति खराब है।
राज्य सरकार की विफलताओं के खिलाफ पूरे प्रदेश में आंदोलन खड़ा करेगी
उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य सरकार की इन विफलताओं के खिलाफ पूरे प्रदेश में आंदोलन खड़ा करेगी। पार्टी सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर आरोप पत्र जारी करेगी। पार्टी पिछली भाजपा सरकार की उपलब्धियों और इस सरकार की नाकामियों का तुलनात्मक ब्यौरा प्रस्तुत करेगी।