मधुपुर (देवघर)
जामताड़ा विधायक सह प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी ने शनिवार को मधुपुर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान डॉ. इरफान केंद्र सरकार व झारखंड भाजपा के खिलाफ जमकर बरसे।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान विधायक इरफ़ान अंसारी ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में बदलाव की बयार बह रही है। बिहार चुनाव के बाद केंद्र सरकार कोरोना वैक्सीन के बदले वैसलीन बांटने के लिए तैयार रहे। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए मुद्दों से भटक गई है।
डॉ. इरफ़ान ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार महागठबंधन की सरकार बननी तय है। बिहार की जनता भाजपा के शासन से ऊब चुकी है। गलत आर्थिक नीतियों के कारण गरीबी, बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है। 15 साल एनडीए ने शासन किया। बावजूद इसके आज भी बिहार के लोग अंतिम पंक्ति में खड़े हैं। उन्होने कहा कि 2015 के विधानसभा चुनाव में लालू प्रसाद ने नरेंद्र मोदी को खदेड़ने का काम किया था। इस बार यह काम उनके बेटे तेजस्वी यादव करेंगे।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वार्थी हैं। केंद्र की भाजपा सरकार बिहार विधानसभा चुनाव में जनता के साथ सौदेबाजी कर रही है।
वहीं, झारखण्ड में दो सीट पर हो रहे उपचुनाव में जीत का दावा करते हुए विधायक इरफ़ान अंसारी ने कहा कि दुमका और बेरमो विधानसभा के उपचुनाव में जिस तरह भाजपा के नेता जनता के बीच बात रख रहे हैं, इससे लगता है कि वो झारखंडी नहीं हैं। उनकी भाषा से यही लग रहा है कि वो सारी मर्यादा तोड़ चुके हैं। जामताड़ा विधायक ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास से शब्दों के चयन में सावधानी रखने की अपील की।