दुमका।

दुमका जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में 12 साल की बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला भाल सुमर पंचायत के ठाड़ी गांव का है। बच्ची 5वीं क्लास की छात्रा थी। वह गांव के ही मध्य विद्यालय में पढ़ती थी।

बताया गया कि शुक्रवार को बच्ची ट्यूशन पढ़ने के लिए साइकिल से घर से निकली थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश की। इस दौरान उसके पिता ने गांव के बाहर सड़क किनारे बेटी की साइकिल खड़ी देखी। फिर उन्होंने बेटी को आसपास तलाशा। इस दौरान किसी व्यक्ति ने जंगल मे गाय चराने के दौरान शव को देख कर सूचना दी।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जरमुंडी एसडीपीओ अनिमेष नैथानी ने एन सेवेन को बताया कि प्रथम दृष्टया गैंगरेप कर बच्ची की हत्या का मामला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों की धर पकड़ के लिए छापेमारी जारी है।
वहीं इस मामले पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिस महानिदेशक को सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने का आदेश दिया है।
बता दें कि संथाल परगना में अक्टूबर महीने में गैंगरेप के बाद हत्या की यह दूसरी वारदात है। इससे पहले साहेबगंज में पिछले शुक्रवार को एक नाबालिग के साथ गांव के ही पांच लड़कों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।




