देवघर।

देवघर नगर थाना क्षेत्र स्थित बाजला कॉलेज के समीप मंगलवार को दिनदहाड़े गोली चलने का मामला सामने आया है.

जानकारी के अनुसार बाजला कॉलेज के पास एक मकान व जमीन पर अवैध कब्जा करने को लेकर दो पक्षों में जमकर बवाल हुआ। दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक लोग मौके पर पहुंचे थे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया और जमकर मारपीट हो गई। इतने में ही, एक पक्ष ने अपना वर्चस्व दिखाने के मकसद से हवा में एक राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान मकान के अंदर लगे सीसीटीवी और अन्य सामान के साथ भी तोड़फोड़ की गई।

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी विक्रम प्रताप सिंह सदलबल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से पांच व्यक्ति को हिरासत में लिया, जबकि कई भागने में सफल रहे।
घटनास्थल से पुलिस ने दो लोडेड मैगजीन सहित एक पिस्तौल जब्त किया है। बरामद हथियार के संबंध में बताया जाता है कि एक पक्ष के बॉडीगार्ड का लाइसेंसी हथियार है। हालांकि, पुलिस बरामद हथियार के लाइसेंसी होने का सत्यापन करने में जुटी है। मामले को लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.



