रांची।
राजधानी रांची स्थित झारखंड विकास मोर्चा के कार्यालय में पार्टी के प्रधान महासचिव अभय सिंह के द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया.
प्रेस वार्ता में अभय सिंह ने बताया कि प्रदीप यादव को छह फरवरी को पार्टी से निष्कासित किया गया और उसका विधिवत सूचना और संवैधानिक तरीके से निष्कासित का पत्र देने हमारे पार्टी के दो पदाधिकारी-एक केंद्रीय सचिव और दूसरा युवा मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष जो पार्टी के अंदर अभी भी दायित्व में है, निष्कासित विधायक प्रदीप यादव के घर पर काफी शालीनता और आत्मीयता के साथ गए. लेकिन घर पर गए पार्टी के पदाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार, अपशब्द व धमकी और धक्के देकर बाहर भेजने का प्रयास किया गया.
अभय सिंह ने कहा कि इस प्रकार का व्यवहार जो पार्टी के पदाधिकारियों के साथ प्रदीप यादव ने किया है, उसे हम मीडिया के माध्यम से झारखंड राज्य के सारे जनता को बताना चाहेंगे कि राजनीति में मतभेद होता रहता है, विचारों का आदान-प्रदान होता रहता है, विचारों की लड़ाई होती रहती है, पर मन भेद का कोई अर्थ नहीं होता. अभय सिंह ने घटना की निंदा की. उन्होंने कहा कि प्रदीप यादव झारखंड विकास मोर्चा को पूरी तरह से कांग्रेस की झोली में डालना चाहते थे, जब उनसे यह काम नहीं हो पाया तो वह विचलित हो गए हैं.
अभय सिंह ने कहा कि प्रदीप यादव यदि दामन में दाग की बात करते हैं तो हमारी पार्टी प्रदीप यादव के दामन में इस प्रकार का दाग देगी कि वह मुंह छिपाने लायक भी ना होंगे.