धनबाद।

इंडियन प्रीमियर लीग यानि आइपीएल में सट्टा लगाने गये पिछले तीन दिनों से लापता गोलू रवानी का शव खेत में मिलने से भड़के ग्रामीणों ने बलियापुर थाना के प्रभारी और पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।

उग्र ग्रामीणों ने एक कांस्टेबल का रायफल छीन उसकी पिटाई कर डाली. हालांकि कुछ ग्रामीणों की मदद से जवान को बचाया गया. थाना प्रभारी के साथ भी मारपीट की. बताया जा रहा कि गोलू रवानी बेलगड़िया का रहने वाला था.

मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि गोलू आइपीएल मैच में सट्टा लगाया करता था। तीन दिन पहले भी उसने सट्टा लगाया था और अपने एक दोस्त के साथ था। तीन दिनों तक जब गोलू घर नहीं लौटा तो परिजन मामले की लिखित शिकायत थाने में करने पहुंचे। लेकिन परिजनों का यह आरोप है कि पुलिस ने न तो उनकी शिकायत दर्ज की और न ही मामले में किसी तरह का कोई कार्रवाई किया। उलटे परिजनों के साथ पुलिस ने अपशब्द कहा. जिसके बाद गोलू की अचानक लाश मिलने से परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे।
लाश मिलने की सूचना पर घटना स्थल पर बलियापुर के थाना प्रभारी सदल-बल पहुंचे। पुलिस को देखते ही ग्रामीण उग्र हो गए। उग्र ग्रामीणों ने पुलिस दल पर हमला बोल दिया। उन्होंने पुलिस को खदेड़ना शुरू कर दिया।
वहीं, ग्रामीणों के हमले में घायल थाना प्रभारी और जवान का इलाज अस्पताल में चल रहा है. इधर, डीएसपी ने मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही है. फिलहाल क्षेत्र में तनाव व्याप्त है।


