देवघर।

पिछले छह सितंबर से लापता देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कोठिया निवासी ऑटो चालक प्रकाश यादव की लाश बिहार स्थित चांदन थाना क्षेत्र के तुर्कीमोड़ जंगल से बरामद हुयी है.

ऑटो चालक प्रकाश यादव ऑटो सहित 6 सितम्बर से लापता था. जिसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट जसीडीह थाना में दर्ज कराई थी. पुलिस छानबीन के दौरान 9 सितंबर को चांदन थाना क्षेत्र से लावारिस हालत में ऑटो की बरामदगी हुयी थी लेकिन चालक का कोई पता नहीं चल रहा था.

जहां से ऑटो बरामद हुआ था, वहां से करीब 15 किमी दूर जंगल से मंगलवार को ऑटो चालक प्रकाश यादव की लाश जसीडीह और चांदन पुलिस के संयुक्त प्रयास से बरामद किया गया. शव देख ऐसा प्रतीत हो रहा कि हत्या कर साक्ष्य को छुपाने के उद्देश्य से ज्वलनशील पदार्थ से लाश को जलाने का प्रयास किया गया था.
बरामद लाश को चांदन पुलिस द्वारा अपने कब्ज़े में कर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया गया है. परिजनों द्वारा जसीडीह थाना में दिए गए आवेदन में तीन लोगों पर अपहरण का आरोप लगाया गया है. पुलिस तफ्तीश में जुटी है.


