

पटना।

बिहार में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। हर दिन नया रिकॉर्ड बन रहा है। CID के इंस्पेक्टर राकेश कुमार की कोरोना से मौत हो गई है। वे 2009 बैच के अधिकारी थे।

वहीं, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उधर, गृह विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये 1990 बैच के IAS अधिकारी हैं। उन्हें पटना AIIMS में भर्ती कराया गया है। वित्त विभाग के प्रधान सचिव एस सिद्धार्थ भी संक्रमित हैं।

कोरोना संक्रमित पूर्व मध्य रेल, मुख्यालय, हाजीपुर के वरिष्ठ लेखा परीक्षक राजेश सिन्हा की हालत गंभीर बनी हुई है। पूर्व मध्य रेल, समस्तीपुर के वरिष्ठ मण्डल लेखा परीक्षा दीपक कुमार की भी हालत नाजुक है। वे समस्तीपुर रेल मंडल अस्पताल में भर्ती हैं।
PMCH के प्रिंसिपल विद्यापति चौधरी भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इससे PMCH के भीतर स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत समेत कई अधिकारी सोमवार को उनके संपर्क में आए थे।



