रांची:

रांची से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जहां एक शराबी पति ने अपनी ही पत्नी को खंभे से बांधकर जिंदा जला डाला।
क्या है पूरा मामला:

तुपुदाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुकरा कश्यप नाम के शख्स की अपनी पत्नी मैनी देवी से अक्सर शराब पीने को लेकर विवाद हुआ करता था। पत्नी हमेशा सुकरा को शराब पीने से मना करती थी। इसके बावजूद भी सुकरा कमाई के सारे पैसे शराब में उड़ा दिया करता था। रविवार देर रात भी सुकरा शराब पीकर घर लौटा था। जिसे लेकर उसकी पत्नी ने उसे टोका। इस बात से नाराज होकर सुकरा ने अपनी पत्नी मैनी को पीटना शुरू कर दिया। केवल मारने-पीटने से नशे में धुत सुकरा का मन नही भरा, तो उसने गुस्से में अपनी पत्नी को घर मे ही एक खम्भे से बांध दिया और किरोसिन तेल डाल उसे आग के हवाले कर दिया। इस बीच मैनी चीखती चिल्लाती रही लेकिन सुकरा पर उसकी चीखों का कोई असर नहीं पड़ा। और तड़प-तड़प कर मैनी की मौत हो गई।

सुकरा के बच्चे पास में ही अपने चाचा के घर में सोए हुए थे. वह जब घर पहुंचे तो अपनी मां को इस हाल में देखकर चीखने चिल्लाने लगे। बच्चों को चीखता चिल्लाता देख सुकरा घर से भाग खड़ा हुआ। आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने सोमवार दोपहर को तुपुदाना इलाके के एक खंडहर में छुपे आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।

होश में आने के बाद पुलिस ने जब सुकरा से पूछा तो उसने बताया कि मैंने कुछ नहीं किया है। दरअसल वह इतनी शराब पी चुका था कि उसे यह भी याद नहीं है कि उसने अपने ही पत्नी की बड़ी ही बेरहमी से हत्या की है। सुकरा के चार बच्चे भी हैं जिनकी परवरिश कौन करेगा यह अब एक बड़ा सवाल है।



