देवघर:

देवघर के सभी कोचिंग संस्थानों के प्रबंधकों,निदेशकों,संचालकों और प्रतिनिधियों के साथ एसडीएम रामनिवास यादव की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई. बैठक में एसडीएम ने कोचिंग संस्थानों के वर्तमान कार्य स्थल एवं कोचिंग स्थल से मुख्य सड़क और उसके आस-पास के गतिविधियों की जानकारी ली. सभी कोचिंग संस्थानों के संचालकों को सभी कमरों एवं छात्र-छात्राओं के आने-जाने वाले मुख्य द्वार पर भी सी0सी0टी0भी0 कैमरा लगाने का विशेष रूप से निर्देश दिया गया. ताकि कोचिंग स्थलों पर या उसके आस-पास किसी प्रकार की असामान्य घटना या असमाजिक गतिविधियों की पहचान कर कार्रवाई करने में सुविधा हो सके.

एसडीएम द्वारा कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए सभी प्रकार की आवश्यक मूलभूत सुविधाएं जैसे-शौचालय, शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई, बिजली एवं अन्य सुविधाओं को मुहैया कराने का भी निर्देश भी दिया गया. इस दौरान कुछ कोचिंग संस्थान के संचालकों द्वारा कोचिंग संचालन में आने वाली समस्याओं से भी अनुमंडल पदाधिकारी को अवगत कराया गया, जिस पर अनुमंडल पदाधिकारी समाधान किये जाने का आश्वासन दिया गया.

बैठक में कोचिंग संस्थानों के संचालकों को यह भी निदेश दिया गया कि नियमित रूप से कोचिंग में पढ़ाई प्रारंभ होने के पहले एवं समाप्त होने के पश्चात छात्र-छात्राओं के आने-जाने पर विशेष रूप से निगरानी रखी जाय. साथ हीं उनके द्वारा सभी संचालकों को निदेश दिया गया कि उनके कोचिंग स्थल पर या आस-पास कहीं किसी प्रकार की असमाजिक तत्वों का जमावड़ा या गतिविधि की जानकारी मिलती है,तो तुरंत 100 नंबर पर डायल कर या अनुमंडल पदाधिकारी, देवघर के मोबाईल नंबर 8986783170 अथवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, देवघर के मोबाईल नंबर-9470591066 पर सूचित करें; ताकि असमाजिक तत्वों के विरूद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सके.
सभी कोचिंग संस्थान के संचालकों को यह भी निदेश दिया गया कि उनके द्वारा जिले के मुख्य पदाधिकारियों का मोबाईल नंबर अपने सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करना सुनिश्चित किया जाय, ताकि किसी प्रकार की शिकायत होने पर छात्र-छात्राओं द्वारा संबंधित पदाधिकारी को सूचित किया जा सके.


