पाकुड़ः

पाकुड़-धुलियान मुख्य सड़क पर कालिकापुर मस्जिद के निकट एक ऑटो से धक्का लगने के कारण छह वर्षीय इम्तियाज शेख की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.

इम्तियाज स्कूल से अपने घर लौट रहा था. सड़क पार करने के लिए वह खड़ा था कि पश्चिम बंगाल के डाकबंगला से पाकुड़ की ओर आ रहे ऑटो ने सामने से ज़ोरदार धक्का मार दिया. ऑटो के धक्का लगने से बच्चे की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी.


वहीं घटना से नाराज़ आसपास के सैकड़ों लोग घटना स्थल पर पहुंचे और मृतक के शव को सड़क पर रखकर पाकुड़-धुलियान रोड को जाम कर दिया.
सड़क जाम कर रहे लोग मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने, मिशन गेट से ऑटो स्टैंड हटाने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के चालकों द्वारा किये जा रहे वाहन परिचालन पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं. लोगों ने कहा कि ऑटो चालक 18 वर्ष से कम आयु का लड़का है, उसके पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस है और न ही वाहन चलाने का तजुर्बा. ऐसे कई चालक यहाँ ऑटो चलाते हैं जिससे इस तरह की दुर्घटना हुई है. प्रशासन से लोगों ने सख्ती से यातायात नियम का पालन कराने की मांग की है.

वहीं, सड़क जाम कर दिये जाने की वजह से पाकुड़-धुलियान मुख्य सड़क पर घंटों आवागमन बाधित हो गया. नगर थाने की पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर और आश्वासन के बाद सड़क जाम हटाया.


