मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद (Sonu Sood) के मुंबई स्थित घर पर आयकर विभाग (Income Tax Department) की टीम सर्वे करने के लिए पहुंची है। जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम सोनू सूद के घर का सर्वे करने के लिए बुधवार सुबह पहुंची थी। सुबह से ही आयकर विभाग की टीम उनके घर पर सर्वे कर रही है। हालांकि, टीम ने अभी कोई जब्ती नहीं की है।
मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि आयकर विभाग ने सिर्फ उनके घर पर ही सर्वे नहीं किया है बल्कि सोनू सूद से संबंधित 6 जगहों पर सर्वे किया गया है। बता दें कि आयकर अधिनियम 1961 की धारा 133ए के प्रावधानों के तहत किए जाने वाले सर्वे अभियान में आयकर अधिकारी केवल व्यावसायिक परिसरों और उससे जुड़े परिसरों में अवलोकन करते हैं। हालांकि, अधिकारी दस्तावेज जब्त कर सकते हैं।
बता दें कि कोविड महामारी के दौरान लोगों की मदद करने के लिए सोनू सूद को जमकर प्रशंसा मिली थी। इस दौरान सोनू सूद को लोगों ने रियल हीरो का दर्जा दिया और उनकी जमकर सराहना की।
बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन (Lockdown) में फंसे प्रवासी मजदूरों की आर्थिक मदद कर उन्हें अपने घर लौटने में मदद की थी। ऐसे मजदूरों के सफर को सुविधाजनक बनाने के लिए उन्होंने भोजन, वाहन समेत अन्य जरूरतों का इंतजाम भी किया था। सोनू सूद के इस कदम की खूब तारीफ होती रही है।
हालांकि, उनके आलोचक मदद के लिए होने फंडिंग पर सवाल उठाते रहे हैं। हाल के दिनों में सोनू सूद को दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने मेंटरशीप प्रोग्राम के लिए एंबेसडर नियुक्त किया था। इस बारे में एलान के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोनू सूद ने कहा था कि फिलहाल सियासत में आने का उनका इरादा नहीं है।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर भी सोनू सूद काफी सक्रिय रहते हैं। हालाँकि उन्होंने आयकर विभाग के सर्वे को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।