
मुंबई: देश में कोरोना के मामलों में कमी के बाद कई राज्यों में लॉकडाउन ( Lockdown-Unlock Update) में ढील भी गई है. देश में कोरोना से सबसे ज्यादा बेहाल रहे महाराष्ट्र में भी लगातार मामले कम हो रहे हैं. कोरोना के मामलों में कमी के बाद महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार ने राज्य में अनलॉक का प्लान तैयार किया है. सरकार के मुताबिक महाराष्ट्र में पांच चरणों में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होगी.

महाराष्ट्र सरकार ने आज प्रदेश में फाइव लेवल अनलॉकिंग की घोषणा की. इसके तहत प्रदेश को पांच फेज में खोला जायेगा. यह घोषणा महाराष्ट्र के मंत्री विजय वाडेट्टीवार ने की. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने भी कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए इस साल 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं रद्द करने का फैसला किया है.

विजय वाडेट्टीवार ने कहा कि प्रदेश को खोलने के लिए पॉजिटिविटी रेट को प्राथमिकता दी जायेगी. जिस इलाके में केस कम होंगे उन्हें पहले खोला जायेगा. मुंबई अभी लेवल टू में है क्योंकि यहां केस ज्यादा हैं. इसके अलावा अनलॉकिंग के वक्त जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को भी ध्यान में रखा जायेगा. पहले फेज में ठाणे सहित पांच प्रतिशत से कम कोविड केस वाले जिले होंगे. मुंबई दूसरे स्तर पर आता है, जहां पॉजिटिविटी कुछ ज्यादा है. जहां पॉजिटिविटी रेट कम है वहां किसी तरह की पाबंदियां नहीं होगी. यहां मॉल, रेस्टोरेंट, दुकान, आफिस और जिम खुले रहेंगे. लेवल टू वाले इलाकों में धारा 144 लागू रहेगा और 50 प्रतिशत की क्षमता के साथ पार्लर, सैलून एवं जिम आदि खोले जायेंगे. महाराष्ट्र सरकार ने भी कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए इस साल 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं रद्द करने का फैसला किया है.
मंत्री विजय वडेट्टीवार ने पत्रकारों को बताया कि 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं रद्द कर दी गयी हैं. मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इस बात के संकेत पहले ही दे दिये थे औपचारिक घोषणा आज की गयी है. गौरतलब है कि दो दिन पहले 12वीं की सीबीएसई की परीक्षाएं रद्द कर दी थीं.
उधर, महाराष्ट्र में बुधवार को कोविड-19 के 15,169 नए मामले आए, जिन्हें मिलाकर राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 57,76,184 हो गई. स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस अवधि में 285 लोगों की मौत हुई जबकि 268 पूर्व में हुई मौतें भी कोविड-19 से होने की पुष्टि हुई. इसके साथ महाराष्ट्र में अबतक 96,751 लोगों की जान इस महामारी में जा चुकी है. महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बुधवार को आए मामले मंगलवार को सामने आए 14,123 मामलों से अधिक है.



