

मुंबई।

Coronavirus: महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है. कोविड-19 (Covid-19 in Maharashtra) के लगातार तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए अब राज्य सरकार ने पाबंदी लगा शुरू कर दी है. महाराष्ट्र में आज कोरोना को लेकर नई गाइडलाइन (Corona Guideline) जारी की गई.

महाराष्ट्र में शुक्रवार को सरकार ने 31 मार्च तक के लिए नए प्रतिबंध लगा दिए हैं. कोरोना महामारी से बचाव के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए राज्य के सभी प्राइवेट ऑफिसेस में कर्मचारियों की संख्या 50 प्रतिशत करने के निर्देश जारी किए हैं. प्राइवेट ऑफिस के साथ सरकार ने सरकारी कार्यालयों को निर्देश देते हुए कहा है कि ऑफिस में कितने कर्मचारियों की संख्या होनी चाहिए यह खुद से तय करें. महाराष्ट्र में सभी थिएटर केवल 50 फीसदी क्षमता के साथ ही संचालित होंगे.
इसके अलावा सभी प्राइवेट दफ्तरों को भी 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित करने का निर्देश दिया गया है. इस दौरान राज्य में मास्क का उपयोग करना अनिवार्य कर दिया गया है. कोई ऑफिस अथवा थिएटर कोरोना के नियमों का उल्लंघन करते पाया गया तो उसे पूरे कोरोना काल तक बंद करावाया जा सकता है.
महाराष्ट्र सरकार ने सरकारी और अर्ध सरकारी कार्यालयों के विभागों से कर्मचारियों की संख्या पर निर्णय लेने के लिए कहा है. किसी भी ऐसे व्यक्ति को ऑफिस में प्रवेश न देने का निर्देश दिया गया है, जिुसने सही तरीके से मास्क न पहना हो. लोगों की स्क्रीनिंग के बाद ही कार्यालय में एंट्री दी जाएगी. सभी कार्यालयों में अब पहले की तरह सेनेटाइजर का उपयोग किया जाएगा.

एक बार फिर से राज्य में कार्यक्रमों पर पाबंदी लगा दी गई है. नई गाइडलाइन जारी होने के बाद अब राज्य में अगले आदेश तक धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक और आम सभाओं के आयोजन पर पूरी तरह से रोक रहेगी. नाट्यगृह और सभागृह में केवल 50% लोगो की उपस्थिति की अनुमति होगी.
कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद अब रेस्टोरेंट और होटल्स में भी कड़ाई बरती जाएगी. रेस्टोरेंट में काम करने वाले सभी कर्मचारियों की कोरोना जांच अनिवार्य कर दी गई है.
राज्य में कोरोना की दूसरी लहर ने सभी जिलों को एक बार फिर से चिंता में डाल दिया हैं. जहां अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को फिर से कोरोना गाइडलाइन का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं वहीं जनता को दोबारा लॉकडाउन का डर सताने लगा है. कोरोना के हालात को देखते हुए बीएमसी ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं. शहर के सभी मुख्य रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर प्रतिदिन अब 1,000 कोरोना टेस्ट किये जाएंगे.
बता दें कि महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 25 हजार 833 नए मामले सामने आए. यह पिछले साल मार्च महीने के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा मामला है. सरकार ने राज्य में सार्वजनिक जगहों के लिए भी नए नियम जारी कर दिए हैं. सीएम ठाकरे ने चेतावनी देते हुए कहा कि लोग मास्क नहीं पहनते हैं, ऐसे में सरकार को सख्त लॉकडाउन लागू करना पड़ सकता है.



