

मुंबई।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर संदिग्ध कार मिलने के केस में बड़ा मोड़ आ गया है। अधिकारियों को शुक्रवार को कलावा क्रीक पर एक शव मिला है। सूत्रों के मुताबिक, यह उस स्कॉर्पियो के मालिक का शव है, जो एंटीलिया के बाहर संदिग्ध हालात में मिली थी।

अधिकारियों ने बताया कि शव मनसुख हीरन का है और शक है कि उन्होंने सुसाइड किया है। अभी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है।
मनसुख हिरेन का ठाणे में कार डेकोर का बिज़नेस है. सामाजिक कार्यक्रम में हिस्सा लेते थे. इनकी पत्नी विमला हिरेन भी सामाजिक कार्य करती हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने मनसुख हिरेन की मौत की खबर पर कहा है कि वह पूरे मामले में अहम कड़ी थे। मैंने मांग भी की थी कि उन्हें तत्काल प्रभाव से सुरक्षा दी जानी चाहिए। यह पूरा मामला पेचीदा नजर आ रहा है। लिहाजा इस पूरे मामले की जांच एनआईए को सौंप देनी चाहिए। यही मांग कुछ देर पहले मैंने विधानसभा में भी की है। फडणवीस ने सवाल पूछा कि इस पूरे मामले की जांच जिस अधिकारी को सौंपी गई थी, उसे कुछ दिनों पहले हटा दिया गया। ऐसा क्यों हुआ?

बता दें कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख अंबानी के बहुमंजिला आवास ‘एंटीलिया’ के निकट 25 फरवरी की शाम को एक एसयूवी (स्कार्पियो) में 2.5 किलोग्राम जिलेटिन की छड़ें (विस्फोटक सामग्री) बरामद हुई थीं।
स्कार्पियो के अंदर एक पत्र भी था जिसमें कथित तौर पर अंबानी और उनके परिवार को धमकी दी गई थी। पुलिस ने अब तक की जांच में किसी भी तरह के आतंकी कोण को खारिज किया है।




