मुंबई।
देश के अन्य हिस्सों में कोरोना संक्रमण में कमी आने के विपरीत महाराष्ट्र में मामले बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए विशेष तौर से प्रभावित अमरावती जिले में सप्ताहांत पर लॉकडाउन (Lockdown In Amravati) लगाने का एलान किया गया है। महाराष्ट्र में अचलपुर शहर को छोड़कर अमरावती जिले में रविवार को एक सप्ताह का पूर्ण लॉकडाउन (LOCKDOWN) लगा दिया गया है।
संरक्षक मंत्री यशोमति ठाकुर के मुताबिक, इस दौरान आवश्यक सेवाओं की अनुमति रहेगी। इसके तहत दुकानें और अन्य प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। हालांकि, आवश्यक सेवाओं को इससे छूट दिया गया है। इसके अलावा यवतमाल जिले में स्कूलों को 10 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है और लोगों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
शादी समारोहों में सिर्फ 50 लोगों को शामिल होने की इजाजत होगी। जिले में धार्मिक स्थान खुले रहेंगे, लेकिन इन स्थानों पर कोरोना संबंधी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना होगा।
शोधकर्ताओं ने अमरावती और यवतमाल में दो नए म्यूटेशन का पता लगाया है, जो एंटीबॉडी को निष्क्रिय कर सकता है। हालांकि, किसी भी नमूने में ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका या ब्राजील का स्ट्रेन नहीं मिला है। प्रदेश के कई जिलों में पहले की तुलना में कोरोना के मामले बढ़ें हैं।
देश के कई राज्यों में कोरोना वायरस फिर तेजी से पांव पसारने लगा है। पिछले कुछ दिनों से केरल, महाराष्ट्र, पंजाब, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते दैनिक आंकड़ों ने सरकार को चिंता में डाल दिया है।