
Indore : इंदौर शहर में कनाडिय़ा थाना क्षेत्र के समीप स्थित बायपास पर रविवार रात नशे में धुत कार सवार युवकों ने परिवार के साथ भोपाल से महू लौट रहे दो भाईयों पर प्राणघातक हमला कर दिया।

आरोपिताें ने पहले उनकी कार को ओवरटेक कर रोका और फिर चाकू से उन पर हमला कर दिया।पीडित परिवार अपने बेटे की कोर्ट मैरिज कर घर लौट रहा था। सोमवार सुबह एक भाई की मौत हो गई। जिस भाई की कोर्ट मैरिज कराकर लौट रहे थे उसी की मौत हुई है।

जानकारी अनुसार घटना कनाड़िया ब्रिज के नीचे सर्विस रोड़ की है। शांतिनगर महू निवासी ट्रांसपोर्ट कारोबारी दीपक सोंधिया अपने भाई राजकुमार, पत्नी आरती, भाभी पूजा, मां कैलाशी और पिता लक्ष्मीनारायण सहित राजकुमार की दो बेटियां और एक रिश्तेदार के साथ भोपाल से महू जा रहे थे। रविवार रात करीब 9.30 बजे नशे में धुत दो कार सवारों ने दीपक की कार को गलत ढ़ंग से ओवरटेक किया।
इस पर दीपक ने उन्हें संभल कर गाड़ी चलाने की बात कही। इतना सुनते ही आरोपित भड़क गए और विवाद करने लगे। सफेद और काले रंग की कार उनके आगे पीछे चलने लगी। एक गाड़ी से दीपक की कार टकरा गई। उन्होंने पीछा कर दीपक की कार को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोपितों ने दीपक और उसके भाई राजकुमार पर चाकू से हमला बोल दिया।
दोनों कार में करीब सात युवक बैठे थे। परिवार के मुताबिक आरोपितों की कार में लड़कियां भी थीं जो वस्त्र फाड़ कर शोर मचा रही थीं। युवतियों ने अभद्रता की और वस्त्र फाड़कर झूठा केस लगाने की धौंस दी। शोर सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई जिसके बाद आरोपित कार में बैठ कर भाग गए।
पुलिस को जानकारी लगते ही घटनास्थल पर पहुंची और आमजन के साहयोग से घायलों को उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान दीपक की मौत हो गई जबकि दूसरे भाई राजकुमार का उपचार चल रहा है।
मृतक दीपक की शनिवार को ही भोपाल में शादी हुई थी और वह पत्नी और परिवार को लेकर लौट रहा था। इस विवाद में परिवार के दो अन्य सदस्य भी घायल हो गए। रात में पुलिस ने जानलेवा हमले की धारा में केस दर्ज किया। टीआइ केपी यादव के मुताबिक, आरोपितों की पहचान कर ली है। (HS)



