
Balaghat: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक चोर ने पहले मंदिर से कीमती सामान चुराए फिर उसे गलती का अहसास हुआ तो माफीनामे के साथ सारा सामान लौटा दिया। इस चोर ने एक मंदिर से कुछ दिन पहले चांदी और पीतल के सामान को चुराया था। जिसे माफीनामे के साथ लौटा दिया है।

चोर ने अपने पत्र में लिखा, ‘इस चोरी से मुझे बहुत नुकसान हुआ है।’

बालाघाट जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डाबर ने रविवार को पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थाना लामटा के बाजार चौक स्थित शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से 24 अक्टूबर की रात को अज्ञात चोर ने चांदी के नौ छत्र समेत चांदी के दस सामान और पीतल की तीन चीजें चुरा ली थीं। घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। इलाके में गश्त और बारीकी से सबूत जुटाकर और पहले हुई चोरी के आरोपियों और संदिग्धों पर लगातार दबाव बनाया।
डाबर ने बताया कि इससे घबराकर आरोपी इस मंदिर से चुराए गए सभी छत्र आदि सामान माफीनामे के साथ लौटा गया। उसने ग्राम पंचायत के नल पर एक थैले में सब सामान रखा।पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस थैले में रखे सामान को पानी भरने के लिए गए एक जैन परिवार के व्यक्ति ने शुक्रवार को देखा। इसकी सूचना जैन समाज के पदाधिकारियों और पुलिस विभाग को दी। उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंची पुलिस ने चुराए गए सारे सामान को जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।


