
Jabalpur: जबलपुर के पाटन में गुरुवार को तहसील भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंचे परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की जुबान फिसल गई। उन्होंने कह दिया कि उत्तरप्रदेश समेत 5 राज्यों के चुनाव में सभी जगह कांग्रेस की सरकार बनेगी। इसके बाद पास ही बैठे पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने टोक दिया। इसके बाद मंत्री को सफाई देनी पड़ी।

मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस से भाजपा में आए गोविन्द सिंह राजपूत राज्य के परिवहन एवं राजस्व मंत्री हैं। गुरुवार को पाटन में वे भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उनकी जुबान फिसल गई।

उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश समेत पांच राज्यों के चुनाव में सभी जगह कांग्रेस की सरकार बनेगी। पाटन विधायक अजय विश्नोई के टोकने के बाद उन्होंने अपनी बात को पलटने का प्रयास किया। उन्होंने भूल सुधार करते हुए कहा कि दरअसल वह कहना चाहते हैं कि पांच राज्यों के चुनाव में सभी जगह भाजपा की सरकार बनेगी, वह तो भूल से कांग्रेस मुंह से निकल गया।
इधर, गोविंद सिंह राजपूत की इस जुबानी चूक पर कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि गोविंद सिंह दिल से भाजपाई नहीं बन पाए हैं। यही कारण है कि गाहे-बगाहे जुबान से सच निकल ही आता है। उन्होंने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी चुटकी ली।


