
Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट ने देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पास क्यू कॉम्पलेक्स का निर्माण अब तक शुरू नहीं किये जाने पर नाराजगी जाहिर की है।

मंगलवार को क्यू कंपलेक्स के फेज दो का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने को लेकर सांसद निशिकांत दुबे की अवमानना याचिका की सुनवाई झारखंड हाई कोर्ट में हुई। मामले में हाई कोर्ट की खंडपीठ ने राज्य सरकार द्वारा दायर किए गए शो कॉज को रद्द कर दिया। जिसमें राज्य सरकार की ओर से कहा गया था कि सीएसआर फंड से देवघर में क्यू कंपलेक्स के फेज दो का निर्माण नहीं कराया जा सकता है। जिस पर हाई कोर्ट की खंडपीठ ने राज्य के मुख्य सचिव, पर्यटन सचिव और देवघर डीसी को और अवमानना नोटिस जारी करते हुए पूछा है कि कोर्ट के आदेश का अनुपालन 10 माह बाद भी क्यों नहीं किया गया। उनके खिलाफ क्यों नहीं अवमानना की कार्रवाई शुरू की जाए? हाई कोर्ट की खंडपीठ ने मामले की अगली सुनवाई 16 अक्टूबर निर्धारित की है।

दरअसल, हाई कोर्ट की खंडपीठ ने दिसंबर 2023 में निशिकांत दुबे की ओर जनहित याचिका को स्वीकृत करते हुए देवघर में बाबा बैजनाथ मंदिर के क्यू कंपलेक्स का निर्माण जल्द करने का आदेश दिया था। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि नवयुग कंपनी लिमिटेड के द्वारा सीएसआर के तहत देवघर में क्यू कंपलेक्स के द्वितीय फेज के निर्माण के लिए 120 करोड़ देने का जो आग्रह किया था, उसे राज्य सरकार स्वीकार करें। इस राशि से देवघर में क्यू कंपलेक्स के द्वितीय फेज का निर्माण कार्य शुरू किया जाए। कोर्ट ने सरकार को क्यू कंपलेक्स के द्वितीय फेज के निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग करने का भी निर्देश दिया था। लेकिन हाईकोर्ट के आदेश का पालन नहीं होने पर निशिकांत दुबे की ओर से हाईकोर्ट में और अवमानना याचिका दाखिल की गई।
बता दें कि नवयुग कंपनी लिमिटेड के द्वारा सीएसआर के तहत देवघर में क्यू कंपलेक्स के द्वितीय फेज के निर्माण के लिए 120 करोड़ देने के आग्रह राज्य सरकार से किया गया है।
हेमंत सरकार को निशिकांत ने कहा हिंदू विरोधी सरकार
आज की सुनवाई के बाद सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर लिखा “मोदी गारंटी बाबा बैद्यनाथ जी के भक्तों के लिए क्यू कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए CSR फंड से मैं 120 करोड़ लेकर आया। एक साल हेमंत सोरेन जी ने रोका ।मैं हाईकोर्ट गया,आदेश आया जल्द बनाओ,हिंदू विरोधी सरकार ने हाईकोर्ट का आदेश मानने से इनकार किया । आज हाईकोर्ट ने झारखंड के मुख्य सचिव,पर्यटन सचिव व देवघर उपायुक्त पर अवमानना का नोटिस दिया।”
निशिकांत दुबे ने हाईकोर्ट में दायर की है याचिका
दरअसल भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। सांसद निशिकांत दुबे द्वारा दाखिल जनहित याचिका में कहा गया है कि बाबा बैजनाथ मंदिर, देवघर के लिए क्यू कंपलेक्स के दूसरे फेज का निर्माण कार्य चल रहा है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से अपने अंशदान के रूप में 25 करोड़ रुपए की राशि दे दी गई है. लेकिन राज्य सरकार की ओर से भी अपने हिस्से का फंड उपलब्ध नहीं कराया गया है। नवयुग कंपनी लिमिटेड ने सीएसआर स्कीम के तहत क्यू कंपलेक्स के द्वितीय फेज के निर्माण के लिए अपने स्तर से 120 करोड़ देने को लेकर सरकार को पत्र लिखा है. नवयुग कंपनी के इस पत्र राज्य सरकार ने निर्णय नहीं लिया है। याचिका में यह भी कहा गया है कि देवघर में बाबा मंदिर के निकट क्यू कंपलेक्स का निर्माण 3 फेज में किया जा रहा है। वर्ष 2011 में इसकी स्वीकृति दी गई थी। क्यू कॉम्प्लेक्स के पहले फेज का निर्माण पूरा हो चुका है। अब द्वितीय फेज का निर्माण कार्य पूरा होना है. देवघर बाबा मंदिर में दर्शन करने हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं। क्यू कंपलेक्स बनने से श्रद्धालुओं को काफी राहत होगी। जन भावना को देखते हुए इसका निर्माण कार्य जल्द किया जाना चाहिए। सावन के माह में क्यू कंपलेक्स के रहने से लोगों की समस्या कम होगी।


