Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के सत्संग-भिरखीबाद मार्ग पर ट्रक और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। घटना में बाइक सवार 40 वर्षीय संविदा खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं। गंभीर हालत में महिला को देवघर एम्स परिजनों द्वारा इलाज के लिए ले जाया गया। घटना सोमवार की है।

बताया जा रहा कि घायल महिला दुर्गापुर ठाढ़ी गांव की रहने वाली है। परिजनों के अनुसार, संविदा खातून अपने पति अबुल अंसारी, सास रुबिदा बीबी और दो बच्चों के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर बिहार के जमुई जिले के सिमुलतला स्थित बथनावरण गांव में मैयत में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान कोरियासा मोड़ के समीप सामने से आ रहे ट्रक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।

हादसे में संविदा खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बाइक पर सवार दोनों बच्चे व अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद परिजन घायल महिला को इलाज के लिए देवघर एम्स ले गए। इधर, टक्कर के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने ट्रक को पकड़ लिया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही कुंडा थाना की पेट्रोलिंग पार्टी मौके पर पहुंची और सड़क के बीच खड़े ट्रक को किनारे करवाया। परिजन और स्थानीय लोग ट्रक को मौके से ले जाने का विरोध कर रहे थे। उनका कहना था कि घायल महिला की हालत गंभीर है और उचित इलाज सुनिश्चित होने तक ट्रक को मौके से नहीं जाने दिया जाएगा। इस दौरान, कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति भी बन गई।
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद ट्रक को जब्त कर थाना ले जाया गया और चालक को हिरासत में ले लिया गया।



