Deoghar News : जहरीले सांप के काटने से 43 वर्षीय एक व्यक्ति की इलाज के दौरान देवघर सदर अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की पहचान रिखिया थाना क्षेत्र के मलहरा गांव निवासी रमेश रवानी के रूप में हुई है। वह मैजिक वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया जाता है कि बुधवार की रात रमेश रवानी खाना खाने के बाद अपने घर में चौकी पर सो गया था। इसी दौरान सोये अवस्था में किसी जहरीले सांप ने उसे काट लिया। सांप के काटने के बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजन पहले उसे गांव में झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए। झाड़-फूंक के बाद भी उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ और हालत लगातार बिगड़ती चली गई।

इसके बाद परिजन देर रात उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के क्रम में ही उसकी मौत हो गई। मृतक के बेटे अरुण रवानी ने बताया कि उसके पिता चौकी पर सोये हुए थे। इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया। तबीयत अधिक बिगड़ने के बाद उन्हें सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
अरुण रवानी ने बताया कि देर रात सदर अस्पताल के डॉक्टर ने एक इंजेक्शन लिखकर बाहर से लाने के लिए कहा था। परिजनों के अनुसार, काफी प्रयास के बाद भी उक्त इंजेक्शन कहीं नहीं मिला। इसी बीच इलाज के दौरान रमेश रवानी की मौत हो गई। रमेश रवानी के परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। वह मैजिक वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



