Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के बरियार बांधी स्थित बम्पास टाउन के समीप गणेश पूजा के अवसर पर आयोजित पार्टी में विवाद के बाद चंदन यादव को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों में नगर थाना क्षेत्र के बिलासी, बाल भारती स्कूल के समीप निवासी उज्जवल कुमार झा तथा शिक्षा सभा चौक निवासी अभय गिरी उर्फ अभय भारद्वाज शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना 14-15 सितंबर 2026 की रात की है। गणेश पूजा के अवसर पर बरियार बांधी स्थित बम्पास टाउन के समीप गोविंदन यादव, सौरभ सिंह राजपूत, राजेश चौधरी एवं अन्य दोस्तों के साथ पंडाल के पीछे पार्टी का आयोजन किया गया था। इसी पार्टी में गोविंद यादव के बुलावे पर बाबा गिरोह के सदस्य अभय गिरी, उज्जवल झा, अंकित झा उर्फ बुशली सहित अन्य लोग शामिल हुए थे।
पुलिस के अनुसार, पार्टी के दौरान कांड के वादी चंदन यादव द्वारा अंकित झा उर्फ बुशली के कंधे पर हाथ रखने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद अंकित झा के पिस्टल से अभय गिरी एवं उज्जवल झा द्वारा चंदन यादव पर फायरिंग किए जाने का आरोप है। गोली चंदन यादव की जांघ में लगी, जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग के बाद सभी बदमाश मौके से भाग निकले।
घायल चंदन यादव का परिजनों द्वारा इलाज कराया गया। इलाज के बाद 2 अक्टूबर को वादी के टंकित आवेदन के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 389/2026 दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की धारा 115(2), 118(1), 118(2), 109(1), 351(3), 111(2)(बी), 3(5) तथा 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी।
एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने की कार्रवाई
कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, देवघर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपितों उज्जवल कुमार झा एवं अभय गिरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर जिम्मेदारी लेने का आरोप
पुलिस के अनुसार, बाबा गिरोह के सक्रिय सदस्य आदर्श झा, अंकित झा एवं अभय गिरी के इशारे पर भय कायम करने के उद्देश्य से गिरफ्तार आरोपित उज्जवल कुमार झा ने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर पोस्ट किया था। पुलिस का कहना है कि इस वीडियो के माध्यम से उसने गोलीकांड की जिम्मेदारी ली थी।
एसडीपीओ ने कहा
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर देवघर ने बताया कि गोलीकांड की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गयी। मामले में नामजद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में शामिल अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है।
अभय गिरी का आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभय गिरी के विरुद्ध नगर एवं मोहनपुर थाना में कई मामले दर्ज हैं। इनमें नगर थाना कांड संख्या 39/2022 में धारा 384/385/387/420/467/468/471, कांड संख्या 356/2023 में धारा 386/34 एवं 25(1-बी)ए/26/35 आर्म्स एक्ट, कांड संख्या 38/2022 में धारा 120(बी) एवं आर्म्स एक्ट की धाराएं, कांड संख्या 409/2023 में धारा 147/148/149/307/386/290 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट, मोहनपुर थाना कांड संख्या 225/2022 में धारा 467/468/471/473/385/386/471 भादवि, नगर थाना कांड संख्या 267/2023 में धारा 341/323/307/506/34 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट, मोहनपुर थाना कांड संख्या 224/2022 में धारा 120(बी) भादवि एवं आर्म्स एक्ट, नगर थाना कांड संख्या 378/2019 में धारा 302/34 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट, नगर थाना कांड संख्या 184/2018 में धारा 307/34/120(बी) भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट, नगर थाना कांड संख्या 680/2023 में धारा 386/387/120(बी) भादवि एवं आर्म्स एक्ट तथा नगर थाना कांड संख्या 525/2025 में धारा 111(2)/308(2)/3(5) बीएनएस एवं 25(1-बी)ए/26/35 आर्म्स एक्ट शामिल हैं।
उज्जवल झा का भी आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, उज्जवल कुमार झा के विरुद्ध नगर थाना कांड संख्या 218/2021, दिनांक 22 अप्रैल 2021, धारा 302/120(बी) भादवि तथा रिखिया थाना कांड संख्या 224/2023, दिनांक 16 दिसंबर 2023, धारा 302/34 भादवि के मामले दर्ज हैं।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, देवघर, पुलिस निरीक्षक सह नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर, पुअनि घनश्याम गंझू, पुअनि सूरज कुमार, नगर थाना देवघर, सअनि अरविन्द कुमार सिंह, तकनीकी शाखा देवघर एवं सशस्त्र बल शामिल थे।



